Friday 10 July 2020

फणीश्वर नाथ रेणु : कोदूराम 'दलित'


कवि कोदूराम "दलित" जी की 110 वीं जयंती - पुण्य स्मरण

"फणीश्वर नाथ रेणु : कोदूराम 'दलित'"

आलेख - पं. दानेश्वर शर्मा
एक था ‘रेणु’ और दूसरा था ‘दलित’ | दोनों का सम्बंध जमीन से था | रेणु का जन्म बिहार के पूर्णिया जिले के औराही हिंगना गाँव में हुआ | दलित का जन्म छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अर्जुंदा टिकरी गाँव में हुआ | दोनों ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े | रेणु कथाकार थे और दलित कवि | दोनों साहित्यकार थे | रेणु का जन्म 4 मार्च को हुआ और दलित का जन्म 5 मार्च को | बसंत दोनों की प्रकृति में था | वैवाहिक जीवन भी दोनों का एक ही प्रकार का था | रेणु कथा साहित्य में लोक भाषा के शब्दों का सटीक प्रयोग करते थे और दलित लोक भाषा के अधिकारी कवि थे | 
4 मार्च को जब भिलाई में अंतरंग साहित्य समिति ने रेणु श्रद्धास्मरण का आयोजन किया, तब दलित जी का भी स्मरण किया गया | शब्दानुशासनम् के रचनाकार ने जब लोकेवेदे च कहा तब सम्भवत: यह ध्यान में रहा होगा कि लोक शब्द वेद के पहले आ गया है | लोक की यह प्राथमिकता श्लाघनीय है क्योंकि लोक जीवन स्वस्थ जीवन है | लोक संस्कृति भारतीय संस्कृति है तथा लोक साहित्य शाश्वत साहित्य है |
 लोक जीवन सरल , पवित्र तथा निश्छल होता है | रेणु के अनुभव संसार पर अपना आलेख पढ़ते हुए वेद प्रकाश दास ने पिछले दिनों रेणु तथा नागार्जुन के अंतरंग सम्बंधों की चर्चा की | बड़ा रोचक संस्मरण है |
नागार्जुन जी रेणु जी के घर कई बार गये लेकिन संयोगवश रेणु जी उस समय घर से बाहर होते थे | एक दिन बमुश्किल भेंट हो गई तो नागार्जुन जी बरस पड़े – कहाँ चले जाते हो जी ? कई बार आ चुका, लेकिन अब भेंट हो रही है | रेणु जी ने चुटकी ली – तुम मिलने के लायक दिखते कहाँ हो ? अपनी हालत देखो | मैले कुचैले कपड़े और अस्त व्यस्त हुलिया | नागार्जुन जी ने कहा साहित्यकार ऐसा ही होता है | रेणु जी ने कहा नहीं साहित्यकार ऐसा नहीं होता | मैं अभी बताता हूँ कि साहित्यकार कैसा होता है | यह कह कर और नागार्जुन जी को बैठा कर रेणु जी भीतर चले गये | थोड़ी देर बाद, शानदार वस्त्रों से सजधज कर ,बालों को करीने से सँवार कर और इत्र फुलेल की खुशबू से महकते हुए नागार्जुन जी के पास आकर खड़े हो गये और बोले देखो साहित्यकार ऐसा होता है | फिर दोनों के ठहाके |

दलित जी भी साफ सुथरे व्यक्ति थे | उन्हें किसी तरह की लाग लपेट पसंद नहीं थी | सच बात कहने में वे थोड़ा भी नहीं हिचकते थे | इत्र के भी शौकीन थे | एक बार नागपुर आकाशवाणी केंद्र द्वारा आयोजित कवि गोष्ठी में अन्य कवियों के अतिरिक्त दलित जी, मैं और बिलासपुर के स्व. सरयू प्रसाद त्रिपाठी मधुकर भी आमंत्रित थे | हम तीनों मोर भवन ( तत्कालीन हिंदी साहित्य सम्मेलन का कार्यालय भवन ) से आकाशवाणी जाने के लिए निकले | रास्ते में लिबर्टी चौक पर स्थित एक सेलून में दलित जी ने दाढ़ी बनवाई और इत्र लगाने के बाद आकाशवाणी केंद्र की ओर रवाना हुए | इस पर मधुकर जी ने चुटकी ली – रेडियो में केवल आवाज सुनाई पड़ती है ,दलित जी | चेहरा मोहरा नहीं दिखता | दलित जी ने तुरंत जवाब दिया – का होगे महाराज ? आदमी ला साफ सुथरा रहना चाही अउ  साफ सुथरा दिखना घलो चाही | एमे मन परसन रइथे  |
आजादी के लिए लड़ी गई लड़ाई में रेणु जी और दलित जी का योगदान है | रेणु जी ने जेल की यातना सही | दलित जी जेल नहीं गये किंतु अनेक देशभक्त तैयार किए | उन्होंने छात्रों में राष्ट्रीयता कूट-कूट कर भरी | अंग्रेजी शासन के खिलाफ उन दिनों एक शब्द बोलना भी अपराध था किंतु दलित जी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बहाने वातावरण बनाते रहे | उदाहरण के लिए अपनी कक्षा के छात्रों को वे राउत नाचा सिखाते थे और परम्परागत राउत दोहों के बदले छात्रों को राष्ट्रीय दोहा लिख लिख कर देते थे | दोहे इस प्रकार होते थे ‌ -
गांधी जी के छेरी भैया
दिन भर में-में नरियाय रे
ओकर दूध ला पी के भइया
बुढ़वा जवान हो जाय रे ||
सत्य अहिंसा के राम-बान
गांधी जी मारिस तान-तान |

रेणु और दलित दोनों ने 56 वर्ष की जिंदगी जी | पता नहीं, दोनों में इतना साम्य क्यों था ?

[छत्तीसगढ़ के किसी समाचार पत्र में प्रकाशित वरिष्ठ साहित्यकार पं.दानेश्वर शर्मा जी का यह लेख उन्होंने ही मुझे दिया था | कतरन में अखबार का नाम नहीं दिख पाया है. सम्बंधित समाचार पत्र के प्रति आभार |]

1 comment: